
बलिया । मनियर थाना क्षेत्र के देवापुर निवासी स्टेशन मास्टर रामकुमार वर्मा पर उनकी पंजाब जालंधर की पत्नी संदीप कौर ने दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता का आरोप
जालंधर जनपद के पिलौर थाना क्षेत्र के साकिट बिलगा निवासी राधा राम की पुत्री संदीप कौर (32), जो पेशे से एएनएम हैं, ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी 17 नवंबर 2019 को जालंधर रजिस्ट्रार कार्यालय में रामकुमार वर्मा से हुई थी। इससे पहले दोनों ने मंदिर में शादी की थी। तब रामकुमार स्टेशन मास्टर के पद पर पिलौर में तैनात थे जबकि संदीप कौर एएनएम के पद पर कार्यरत थीं।
संदीप कौर के अनुसार, ड्यूटी के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। शादी का भरोसा दिलाकर रामकुमार ने शारीरिक संबंध बनाए और दोनों परिवारों की सहमति से विवाह पंजीकृत कराया गया। इसके बाद संदीप कौर अपने पति के साथ महाराष्ट्र के जेजुरी में रह रही थीं, जहां रामकुमार वर्तमान में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं।
लापता होने और दूसरी शादी की जानकारी संदीप कौर ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को रामकुमार ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। जब वह पूछताछ करने स्टेशन पहुँचीं तो स्टाफ ने बताया कि वह कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। इसी दौरान पीड़िता को उसके पिता ने फोन पर बताया कि रामकुमार वर्मा दूसरी शादी करने जा रहा है। आरोप है कि तिलक 30 नवंबर 2025 और शादी 4 दिसंबर 2025 को निर्धारित है।
यह जानकारी मिलते ही संदीप कौर 18 नवंबर 2025 को फ्लाइट से बलिया पहुंचीं और एसपी बलिया से शादी रुकवाने की गुहार लगाई। बाद में 26 नवंबर 2025 को मनियर थाने पहुंचकर उन्होंने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस का पक्ष
थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने बताया कि संदीप कौर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



