
बलिया। मनियर नगर पंचायत के डफाली टोला वार्ड नंबर 14 में शनिवार की शाम घरेलू विवाद के बाद मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मोहर्रम (35 वर्ष) पुत्र स्व. वकील घर पर खाना खाने आया था। इसी दौरान उसकी अपनी मां सवरूल से खाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस बीच पड़ोसी बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनसे भी कहासुनी हो गई और मारपीट की नौबत आ गई।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल मोहर्रम को परिजन तत्काल पीएचसी मनियर लेकर पहुंचे। वहां फार्मासिस्ट रबीन्द्र सिंह ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहर्रम के सिर पर गंभीर चोट लगी थी जिसके चलते वह अचेत हो गया था। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। तनाव न फैले इसके लिए पुलिस ने दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह और एडीशनल एसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



