
चोरों के हौसले बुलंद,मुकदमा दर्ज कर पुलिस कर रही मामलों की जांच
बलिया। संवाददाता बलिया शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमलोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज कर निष्क्रिय हो जाती है जिससे चोरों का हौसला बुलंद हो जाता है। पुलिस ने महिला जज के आवास से लाखों के गहना व अन्य सामान की चोरी के साथ ही निबंधन कार्यालय व जापलिनगंज से दो बाइकों की चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामलों की जांच कर रही है। पुलिस ने महिला जज की तहरीर पर घर में काम करने वाली महिला, उसके पति, बच्चों और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अपर सिविल जज (जूडि) कोर्ट संख्या दो प्रियंका यादव ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया है कि मेरा सरकारी आवास संख्या जे-दस, जजेज कम्पांउड में है। उनका कहना है कि पांच सितम्बर को आवास में ताला बंदकर बाहर चली गयी। 21 सितम्बर की शाम 5:45 बजे पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था। दरवाजे पर फेविक्विक की कुछ बूंदें और फेविक्विक का कुछ हिस्सा पड़ा हुआ था। अंदर जाकर अपने सामान की तलाशी लेने पर पता चला कि मे एक जोड़ी कान की झुमकी, एक मांग का टीका और एक जोड़ी कान की बाली, जो की सोने की थीं, गायब हैं। मेरे सरकारी आवास पर मेरी उपस्थिति में मेरी कामवाली गीता आती जाती थी। मेरी उपस्थिति में इसके अलावा मेरे घर में और किसी बाहरी व्यक्ति का आना जाना नहीं होता था। उनका कहना है कि मुझे पूरा शक है कि इस प्रकरण में गीता, उसके पति और पिता तथा उसके बचों का हाथ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच कर रही है। उधर पुलिस ने जापलिनगंज निवासी विशाल पाण्डेय की तहरीर पर घर के सामने खड़ी बाइक चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया है। विशाल ने बताया कि मेरी केटीएम बाइक घर के बाहर खड़ी थी जिसे चोरों ने चुरा लिया है। उधर गड़वार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी इन्द्रजीत कुमार ने निबंधन कार्यालय के बाहर से बाइक चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने तहरीर में बताया हैं कि मैं अपनी सुपर स्पलेंडर बाइक निबंधन कार्यालय के बाहर खड़ा कर अंदर कुछ काम के लिए गया बाहर आने पर बाइक नही थी, चोरों ने बाइक चुरा लिया था। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।



