
रसड़ा(बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर (जगदीशपुर) गांव में शनिवार को सुबह लगभग 9 बजे नलकूप चालू करने के दौरान किसान की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि बिजली आने पर गांव के किसान फतेहबहादुर सिंह (42) अपने चाचा के निजी नलकूप को चालू कर रहे थे।इस दौरान स्टार्टर के पास टूटे हुए तार की करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें स्थानीय सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर अस्पताल के डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान फतेहबहादुर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार मे कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे। सुल्तानपुर के प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, सुभासपा नेता रुद्रप्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, सुनील सिंह, बलवंत सिंह आदि लोगों ने शोक संवेदना जताई है।



