
बलिया। जनपद में बिजली विभाग की लापरवाही से आम लोगों की जान जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भरौली में हाई टेंशन तार टूटकर गिरने से एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शिक्षक स्कूल से पढ़ाकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, भरौली गोलंबर स्थित रामगढ़ मार्ग पर माइटेक कान्वेंट पब्लिक स्कूल में कार्यरत अध्यापक मनीष सिंह (45 वर्ष) दोपहर में छुट्टी के बाद अपने घर बक्सर बाईपास रोड जाने के लिए जैसे ही बाइक पर बैठे, तभी ऊपर से गुजर रहा हाई टेंशन तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया। तार के गिरते ही मनीष सिंह गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल शिक्षक को नरहीं सीएचसी ले जाया गया। वहां से एम्बुलेंस न मिलने के कारण थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें पुलिस की गाड़ी से जिला चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



