
लालगंज (बलिया )। जय माँ काली स्पोर्टिंग क्लब, लालगंज के तत्वावधान में आयोजित रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला बासडीह और कोड़हरा के बीच हुआ, जिसमें कोड़हरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 अंकों से विजय हासिल की। वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में अंचलगढ़ की टीम ने डुमरिया को 11 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच की शुरुआत सुदिष्टपुरी डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पिन्टू मौर्या ने दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराकर की। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि “कबड्डी टीम भावना का खेल है, जिसमें खिलाड़ी मिल-जुलकर रणनीति बनाते हैं और जीत हासिल करते हैं। यह खेल शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक शक्ति की भी परीक्षा लेता है।”

मैच में रेफरी की भूमिका कन्हैया जी एवं शिवजी ने निभाई, जबकि खेल की कमेंट्री मनु कुमार ने की। प्रतियोगिता के सफल संचालन में कमेटी के अध्यक्ष धनंजय पासवान, डब्बू यादव, सुजीत, मुकेश, हरेन्द्र प्रसाद, ऋतिक सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा ।



