गणतंत्र दिवस पर छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोह लिया सबका मन

दुबहड़,(बलिया)। क्षेत्र के एस जी पब्लिक स्कूल अड़रा, घोड़हरा में धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया गया। ध्वजारोहण स्कूल के प्रबंधक अन्नपूर्णा नंद तिवारी, कवि रामानंद पांडे, रवीश कुमार सिंह, बब्बन चौबे, रामकृष्ण तिवारी, प्रहलाद चौबे व सुमंत दुबे ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व संसदीय कार्य, ग्रामीण विकास एवं समग्र ग्राम विकास राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर पुष्प माला से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्री शुक्ला ने सर्वप्रथम उन सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उन्हीं की महान त्याग और बलिदान से हमें आजाद स्वराज का बहुमूल्य उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य और आत्मनिर्भर भारत की नींव है क्योंकि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार ही राष्ट्र की प्रगति निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस विद्यालय के प्रबंधन के विषय में अच्छी तरह से जानता हूं क्योंकि इस विद्यालय के बच्चे ऊंचे स्थानों पर कार्यरत होकर अपने माता-पिता सहित इस विद्यालय का मान बड़ा रहे हैं। यही कारण है कि कम संसाधन के बावजूद भी यह संस्थान प्रगति पर है। मंगल पांडे सेवा समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत पाठक व पूर्व प्रधानाचार्य व कवी रामानंद पांडे ने स्कूल द्वारा बच्चों में पुरस्कार वितरण करते हुए बच्चों की उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रबंधक अन्नपूर्णा नंद तिवारी ने उपस्थित अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर बच्चों को सही शिक्षा और संस्कार मिले तो वे न केवल एक इंसान बनते हैं बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक योगदान देते हैं। कहा कि मन- वचन और काया से उन बच्चों के भविष्य निर्माण में सहयोग करना, मेरे जीवन का एकमात्र उद्देश्य है।
इस मौके पर पूर्व प्रधान घनश्याम पांडे, फौजी राजू सिंह, अधिवक्ता कुलदीप दुबे, संदीप गुप्ता, समाजसेवी नितेश पाठक, धनंजय तिवारी, बीडीसी संतोष यादव, शिक्षक परमानंद चौबे, राजेंद्र राय, राजेंद्र पांडे, रणधीर सिंह, अंशुल गुप्ता, सलोनी गुप्ता, रितु पांडे, अनीशा यादव, क्षमता वर्मा, एकता यादव, शबनम आरा आदि लोग रहे। संचालन की भूमिका में नितेश पाठक, पलक सिंह और अनिशा यादव रहे।



