
लालगंज(बलिया)। स्थानीय बाजार में बुधवार की सुबह झाड़ू लगाने को लेकर दो दुकानदार परिवारों के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर और छनवटा चलने से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान दो लोग घायल हो गए — एक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे की आंख के नीचे कट गया। दोनों का उपचार स्थानीय चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है।
सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
घटना लालगंज बाजार निवासी लल्लू गुप्ता पुत्र उमा प्रसाद गुप्ता और नगेन्द्र गुप्ता पुत्र भगवती गुप्ता की मिष्ठान दुकानों के बीच हुई। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह नगेन्द्र गुप्ता के परिवार के लोग झाड़ू लगाकर कचरा पास की नाली में डाल रहे थे, जिसका लल्लू गुप्ता के परिजनों ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और ईंट-पत्थर चलने लगे।
इसमें एक पक्ष के लगभग 21 वर्षीय रवि गुप्ता पुत्र नगेन्द्र गुप्ता के सिर में चोट आई, जबकि दूसरे पक्ष से झगड़ा छुड़ाने पहुंचे लल्लू गुप्ता के आंख के नीचे छनवटा से चोट लग गई।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। दुकानदारों द्वारा सड़क पर चबूतरा बनाकर समान रखने से आए दिन विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।



