
लालगंज(बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के भीखाछपरा नई बस्ती (मूंज के डेरा) में रविवार की रात मोतीलाल गोड़ के घर हुई लूट की घटना को बैरिया पुलिस ने चोरी के रूप में दर्ज किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक डा. ओमवीर सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विपीन सिंह को निलंबित कर दिया है।
इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक ने विपिन सिंह का स्थानांतरण चितबड़ा गांव थाना के लिए किया था। लेकिन मंगलवार की देर सायं पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह के मौके पर पहुंचने तथा पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद वास्तविक तथ्यों के सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की।उधर सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि भीखा छपरा नई बस्ती (मूंज के डेरा) में हुई लूट की घटना का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लूट का माल हर हाल में बरामद किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस बिंदुवार तरीके से जांच करते हुए मामले के पर्दाफाश में जुटी हुई है।



