
लालगंज (बलिया)। श्री श्री 1008 श्री बैकुंठवासी श्री कमल नयन ब्रह्मचारी जी महाराज की ग्यारहवीं पुण्यतिथि के अवसर पर रामानुज आश्रम शिवपुर कपूर दीयर, सेमरिया (बलिया) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के अंतर्गत रविवार को भव्य जलयात्रा निकाली गई। जलयात्रा में गाजा-बाजा, हाथी, घोड़े तथा डीजे पर गूंजती भक्ति धुनों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
जलयात्रा का शुभारंभ आश्रम परिसर से हुआ, जो आश्रम की परिक्रमा करते हुए शिवपुर गंगा घाट पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में गंगाजल भरकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और पुनः हर्षोल्लास के साथ आश्रम लौटे। जलयात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्त्री, पुरुष, युवक, युवतियां एवं बच्चों ने सहभागिता की।

जलयात्रा में आगे रथ पर सवार होकर यज्ञ के आयोजक जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री स्वामी राधाकृष्णाचार्य महाराज चल रहे थे। उनके पीछे पीले वस्त्र धारण किए हाथों में कलश लिए श्रद्धालु भगवन्नाम संकीर्तन करते हुए “स्वामी कमल नारायण ब्रह्मचारी की जय”, “स्वामी राधाकृष्णाचार्य जी की जय” तथा “लक्ष्मी नारायण भगवान की जय” के जयघोष लगाते चल रहे थे।
यात्रा में यज्ञाचार्य पं. जोगिन्दर नाथ दुबे, पं. क्षेमेंद्र उपाध्याय, धीरज शास्त्री, अभिमन्यु शास्त्री, अजय शास्त्री सहित अन्य आचार्यों ने वैदिक विधि से पूजन-अर्चन संपन्न कराया।
आश्रम परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक किया जा रहा है, जिसमें श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री चतुर्भुजाचार्य स्वामी जी महाराज (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा श्रद्धालुओं को कथा रसपान कराया जाएगा।



