उप निबंधक कार्यालय को तहसील परिसर में स्थापित करने की मांग जोर पकड़ा

रसड़ा (बलिया)। रसड़ा के मुंसफी मोड़ के समीप स्थित उप निबंधक कार्यालय को स्थानीय तहसील परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ता बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी अपना समर्थन दिया है। धरना में श्याम बिहारी सिंह, अनिल प्रजापति, दिव्य प्रकाश यादव, इंद्रजीत सिंह, अवधेश सिंह, अशोक सिंह, आनंद प्रताप सिंह, राहुल मौर्य, प्रमोद सिंह आदि रहे।इसी क्रम में बुधवार को अधिवक्ता बार एसोसिएशन (रसड़ा) के सदस्यों की आमसभा की बैठक सिविल कोर्ट परिसर में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें तहसील बार एसोसिएशन द्वारा कस्बा के मुंसफी तिराहे के पास संचालित उप निबंधक कार्यालय को तहसील मुख्यालय परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार से आंदोलनरत होने की स्थिति में अधिवक्ता बार एसोसिएशन से मांगें गए समर्थन के संबंध में चर्चा की गई और उन्हें अपना समर्थन देने का प्रस्ताव पारित करते हुए सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। प्रस्ताव की प्रति पीठासीन अधिकारी सिविल जज जूनियर डिविजन रसड़ा व न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय रसड़ा को भेजी गई।इस मौके पर इंद्रदेव यादव, रामशब्द यादव, भुवनेंद्र सिंह, सुशील सिंह, दीपक रावत, अजय सिंह, भगवती प्रसाद सिंह, अजय यादव, रविकांत शर्मा, मुकेश यादव आदि रहे। संचालन अमित मणि त्रिपाठी ने किया।



