
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के आमडारी गांव में रविवार की रात लापता हुए 10 वर्षीय बालक शिवम वर्मा उर्फ यशवंत का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक बोरी में बरामद हुआ। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रामजी वर्मा पुत्र राधा मोहन वर्मा का 10 वर्षीय बेटा शिवम वर्मा रात करीब 10:30 बजे घर के सामने खेलते-खेलते लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी फेफना ने गुमशुदगी दर्ज की और पुलिस फोर्स व ग्रामीणों के साथ पूरी रात खोजबीन कराई। गांव में दो शादी समारोह होने के कारण भीड़ अधिक थी,जिसके चलते तलाश का दायरा और बढ़ा, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि बालक का शव गांव के ही प्रेमचंद वर्मा के घर के पीछे बोरी में बंद हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी सदर, थाना फोर्स, फॉरेंसिक टीम और स्वाट-सर्विलांस टीम पहुंच गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपाशंकर के नेतृत्व में घटना की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने भी घटना पर जानकारी देते हुए वीडियो बयान जारी किया है।



