
रसड़ा (बलिया)।जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया में आयोजित सप्तम दीक्षांत समारोह में श्रीमती फुलेहरा स्मारक महिला पीजी कॉलेज, कमतैला, रसड़ा की छात्रा सामिया खातून को विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर कुलाधिपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया गया। श्रीमती फुलेहरा स्मारक महिला पीजी कॉलेज, कमतैला, रसड़ा की स्नातकोत्तर उर्दू की छात्रा सामिया खातून ने पूरे विश्वविद्यालय में सर्वाधिक नौ सीजीपीए अंक अर्जित कर यह पदक प्राप्त किया है।

कुलाधिपति पदक विश्वविद्यालय द्वारा दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान होता है जो असाधारण प्रतिभा के धनी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को दिया जाता है।छात्रा सामिया को इसके पूर्व विश्वविद्यालय द्वारा अब तक दो बार कुलाधिपति पदक दिया गया है। सामिया खातून तीसरी छात्रा है, जिसे राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया है। रसड़ा कस्बा के उत्तर पट्टी निवासी सामिया खातून ने यह पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के साथ-साथ अपने क्षेत्र व परिवार का नाम रोशन किया है।सामिया खातून को मिले इस उपलब्धि से महाविद्यालय अत्यंत हर्ष एवं गौरव की अनुभूति कर रहा है।इसके साथ ही स्नातकोत्तर शिक्षाशास्त्र की छात्रा कुमारी रीतू को पूरे विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर कुलाधिपति ने स्वर्ण पदक से सम्मानित किया।इस बार फुलेहरा महाविद्यालय की कुल 15 छात्राओं ने टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया है जो महाविद्यालय के लिए अत्यन्त गौरव का विषय है।महाविद्यालय के प्रबन्धक गोविंद नारायण सिंह ने इन सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।



