
बांसडीह( बलिया)। क्षेत्र के अगऊर गांव में सोमवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के ही 50 वर्षीय ढेला मिश्रा पोखरे में स्नान करते समय डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पोखरे में जाल डालकर खोजबीन शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद ढेला मिश्रा को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी बांसडीह ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक ढेला मिश्रा ट्रक ड्राइवर थे और रोजाना शाम को मंदिर के पास स्थित पोखरे में स्नान करने जाते थे। सोमवार की शाम स्नान के दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



