
बांसडीह सीएचसी में विधायक ने किया स्वस्थ नारी सशक्त भारत अभियान का शुभारंभ
बांसडीह( बलिया)। सीएचसी परिसर में शुक्रवार को महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की जागरूकता को लेकर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान तथा आठवां राष्ट्रीय पोषण माह का विधायक केतकी सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पांच सौ से अधिक महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा वितरण किया गया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। अभियान का उद्देश्य है कि माताओं, बहनों और बेटियों को जांच व इलाज के लिए कहीं दूर न जाना पड़े। प्रत्येक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व उपचार की सुविधाएं तथा दवा उपलब्ध कराया जा रहा हैं। सरकार चाहती है कि स्वस्थ नारी बने तो परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे।
विधायक ने महिलाओं से अपील किया कि वह इन स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ लें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
कार्यक्रम मे चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रणय कुणाल ने जानकारी दी कि जांच शिविर में ईएनटी, नेत्र परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह, दंत जांच, कैंसर जांच (विशेषकर ग्रीवा कैंसर), गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण सेवाएं, एनीमिया की जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, टीबी जांच जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, सिकल सेल स्क्रीनिंग, आभा आईडी कार्ड पंजीकरण, शिशु सुरक्षा एसपी कार्ड, रक्तदान शिविर, अंगदान पंजीकरण जैसी सुविधाएं भी शिविर में संचालित की जा रही हैं।
डा. कुणाल ने बताया कि अब तक अस्पताल में लगभग साढ़े 500 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जिनकी जांच के साथ-साथ निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। इस दौरान डा सीपी सिंह, डा विनोद सिंह,दुर्गेश मिश्र, गुड्डू मिश्रा आदि थे।



