
रसड़ा (बलिया)।नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर अखनपुरा, रसड़ा के सभागार में सड़क दुर्घटना में दिवंगत छात्र सक्षम सिंह एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रशेखर लाल श्रीवास्तव की स्मृति में बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण शोकपूर्ण एवं भावविभोर रहा। उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि सक्षम सिंह एक मेधावी, अनुशासित एवं संस्कारवान छात्र थे, जिनका असमय जाना विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

वहीं चंद्रशेखर लाल श्रीवास्तव का सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार और कार्य हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर सुमंत ठाकुर, नंदलाल शर्मा, नीरज सिंह, शिवम सिंह, नीलम सिंह, चंद्रशेखर यादव, सागर श्रीवास्तव सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति प्रार्थना के साथ हुआ।



