दबंगों ने किसानों को पीटा, एक जिंदा कारतूस बरामद–पुलिस ने गोली चलने से किया इनकार

बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भरसौंता निवासी शम्भु नाथ सिंह (45 वर्ष) पुत्र स्व. नरसिंह सिंह तथा हल्दी बगीचा टोला निवासी स्वामी नाथ यादव (36 वर्ष) पुत्र स्व. इंद्रजीत यादव शुक्रवार को बिहार घाट दियारा में खेतों की जुताई करने गए थे।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे के आसपास नैनीजोर, बिहार के दबंगों ने दोनों किसानों पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने न केवल मारपीट की, बल्कि राइफल से हवाई फायरिंग भी की और राइफल के बट से पीटकर दोनों को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को थाना हल्दी लेकर आए। थानाध्यक्ष हल्दी रोहन राकेश सिंह ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद होने की बात कही जा रही है, हालांकि स्थानीय पुलिस गोली चलने की घटना से इनकार कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि, “जैसे ही तहरीर मिलेगी, मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”



