
दुबहड़(बलिया )। क्षेत्र के ग्रामसभा ओझा कछुआ उग्रसेनपुर स्थित लखन बाबा मठिया के समीप आयोजित नवदिवसीय अभिषेकत्मक रुद्र महायज्ञ मंगलवार को वैदिक मंत्रोचार पूर्वक पूर्णाहूति व विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन क्षेत्र में चहुंओर भक्ति का माहौल देखने को मिला।
महायज्ञ के समापन की पूर्व संध्या पर प्रसिद्ध कथावाचक शक्तिपुत्र ‘बुलेट बाबा’ ने अपनी सुमधुर आवाज में शिव महिमा एवं शिव भक्ति की संगीतमय कथा का रसपान कराया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान व्यासपीठ से बुलेट बाबा ने कई प्रेरक सुविचार साझा किए और यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रुद्र महायज्ञ में सम्मिलित होकर श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण करने मात्र से मनुष्य के सारे पाप धुल जाते हैं। महायज्ञ के हवन कुंड से निकला पवित्र धुआं पूरे क्षेत्र के वातावरण को शुद्ध करता है, जिससे नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और सुख-शांति का संचार होता है। उन्होंने कहा कि जिसके पास प्रेम रूपी धन है, वह संसार में कभी निर्धन नहीं हो सकता।
मित्रता में कोई भेद नहीं होता, यहाँ राजा और रंक दोनों एक समान होते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक जो भी श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन रहता है उसे पर भोलेनाथ की असीम कृपा होती है।
भोलेनाथ की जिस पर कृपा हो जाए वह कभी दरिद्र और दुखी नहीं हो सकता। महायज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर आचार्य लाल जी शास्त्री सहित विद्वान पंडितों की टोली ने वैदिक मंत्रोचारण पूर्वक पूजन,हवन संपन्न कराया। जैसे ही पूर्णाहुति हुई, पूरा क्षेत्र माता पार्वती और भगवान भोले शंकर के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी।
सायंकाल एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य के भागी बने।इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ-साथ मुख्य रूप से पूर्व प्रधान दीनदयाल मिश्रा, शशिकांत मिश्रा, अभय दुबे, अनूप यादव, अमित तिवारी, लालू सिंह, गगन पांडे, गोलू दुबे, आनंद सिंह, मंटू यादव, दुर्गेश मिश्रा, निहाल सिंह, चंदन सिंह, लक्की बाबू, संदीप प्रजापति और शिव गुप्ता सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



