
बांसडीह (बलिया)। सहतवार थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार को कम दाम में सीमेंट सप्लाई का झांसा देकर साइबर ठग ने 7 लाख 65 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाज ने खुद को UltraTech Cement का एरिया सेल्स मैनेजर बताकर दो किश्तों में रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सहतवार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार तिवारी ठेकेदार हैं और ‘सुधा एसोसिएट्स’ नाम से फर्म संचालित करते हैं। वर्तमान में गड़वार–पियरिया मार्ग पर उनका पुल निर्माण कार्य चल रहा है।
पीड़ित ठेकेदार के मुताबिक, अभिषेक कुमार मिश्रा नाम का एक व्यक्ति उनसे मिला और स्वयं को अल्ट्राटेक सीमेंट का एरिया सेल्स मैनेजर बताया। उसने बाजार मूल्य से कम दर पर सीमेंट उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया। झांसे में आकर अखिलेश तिवारी ने तीन हजार बोरी सीमेंट मंगाने की सहमति दे दी।
जालसाज ने उन्हें यूको बैंक में ‘जयप्रकाश इंटरप्राइजेज’ के नाम से एक खाता संख्या उपलब्ध कराई। इसके बाद ठेकेदार ने अपने एसबीआई खाते से 3 फरवरी को 5 लाख 25 हजार रुपये तथा 4 फरवरी को 2 लाख 40 हजार रुपये, कुल 7 लाख 65 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से उक्त खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम खाते में पहुंचने के बाद कथित एरिया सेल्स मैनेजर ने ट्रक नंबर और ई-वे बिल भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। काफी प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
थानाध्यक्ष सहतवार अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है।



