
बासडीह(बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के केवरा चट्टी पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में वाहनों में हवा भरने वाली बड़ी टंकी फटने से दुकानदार की पत्नी की मौत हो गई, जबकि दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, केवरा गांव निवासी 45 वर्षीय रवि कुमार वर्मा बांसडीह-सहतवार मार्ग पर केवरा चट्टी स्थित अपनी दुकान में दोपहिया व चारपहिया वाहनों में हवा भरने का काम करते हैं। सोमवार दोपहर उनकी पत्नी 40 वर्षीय रेनू देवी घर से खाना लेकर दुकान पर पहुंचीं और दुकान के अंदर टंकी के पास बैठ गईं।
बताया जा रहा है कि पत्नी के आने के बाद रवि चाय लेने बाहर चले गए। वह चाय लेकर जैसे ही दुकान के अंदर दाखिल हुए, तभी अचानक हवा की बड़ी टंकी तेज धमाके के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। विस्फोट के कारण रवि और रेनू देवी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सीएचसी बांसडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने रेनू देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि रवि कुमार वर्मा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। रवि के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
मृतका और घायल दंपति का एक 12 वर्षीय पुत्र राजीव है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला अस्पताल पहुंचकर प्रधान दिलीप तिवारी, बृजेश सिंह, अजीत मिश्रा, रमेश गुप्ता समेत अन्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।



