
लालगंज (बलिया)। खेत से घर लौट रहे 12 वर्षीय बालक को तेज रफ्तार पिकअप ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मठ योगेंद्र गिरी के पास मंगलवार को कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मठ योगेंद्र गिरी नई बस्ती निवासी विजय शंकर राम का पुत्र अंशु राम (12) मंगलवार को खेत से घर लौट रहा था। जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर चढ़ा, मांझी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप चालक सोनू तिवारी, निवासी संडीला,जनपद छपरा (बिहार),घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। हालांकि पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत होकर लौट गए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बैरिया विपिन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा चालक को गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।



