क्राइमबलियाबिग ब्रेकिंग

दुबहड़ थाने पर ध्वजारोहण करके मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस


दुबहड़,(बलिया)। स्थानीय थाना दुबहड़ के प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह समस्त महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में थाना अध्यक्ष अजय पाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात पुलिसकर्मियों ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद थाना परिसर में उपस्थित समस्त थाना स्टाफ द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का भावपूर्ण स्वर पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। राष्ट्रगान के उपरांत सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं जनसेवा के दायित्वों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने की शपथ ली।
इस अवसर पर थाना अध्यक्ष अजय पाल ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की शक्ति और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमें यह याद दिलाता है कि हमारा संविधान हमें अधिकार देता है, लेकिन साथ ही कर्तव्यों का भी बोध कराता है। पुलिस विभाग पर समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के अधिकारों की रक्षा की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निभाना हम सभी का कर्तव्य है।
थाना अध्यक्ष ने आगे कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और विश्वास की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने आचरण, व्यवहार और कार्य से जनता का विश्वास जीतना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और गणतंत्र दिवस जैसे पावन अवसर पर हमें अपने दायित्वों को और अधिक निष्ठा से निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान थाना के समस्त स्टाफ के साथ-साथ होमगार्ड के जवान एवं थाना के चौकीदार कर्मी भी उपस्थित रहे। सभी ने देश सेवा, संविधान की मर्यादा और जनहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ हुआ, जिससे थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button