
रसड़ा(बलिया) । सीबीएसई की गाइडलाइन के अनुरूप आज नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर अखनपुरा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थी भैया-बहनों के लिए परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक सोच,आत्मविश्वास एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा बड़े सपने देखने चाहिए, अवसरों को पहचानकर उनका सदुपयोग करना चाहिए तथा जीतने की दृढ़ इच्छा रखनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को लीक से हटकर सोचने, असफलता से भयभीत न होने बल्कि उससे सीख लेने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य ने बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रतिदिन 5 से 6 घंटे नियमित सेल्फ स्टडी,समय-सारिणी बनाकर अध्ययन करने तथा पढ़ाई को बोझ न मानने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक एवं मानसिक समस्याओं को माता-पिता, आचार्यों और विद्यालय से खुलकर साझा करें।
इस अवसर पर परीक्षा प्रमुख सुमंत ठाकुर ने परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ें,समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें, पहले सरल प्रश्न हल करें तथा उत्तर साफ, स्पष्ट और क्रमबद्ध लिखें। उन्होंने परीक्षा से पूर्व पर्याप्त नींद, संतुलित आहार एवं मानसिक एकाग्रता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ और वे आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से अधिक सशक्त नजर आए।



