
ग्राम चौपाल की सुचना से ग्रामीणों को रखा गया दूर
लालगंज(बलिया)। विकास खण्ड मुरलीछपरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूर्यभानपुर में शुक्रवार को पूर्व निर्धारित ग्राम चौपाल में नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी सहित अधिकांश विभागीय अधिकारी नदारद रहे।
ग्राम पंचायत सूर्यभानपुर में आयोजित होने वाली यह चौपाल “गांव की समस्या — गांव में समाधान” के उद्देश्य से रखी गई थी, लेकिन नोडल अधिकारी, पर्यवेक्षण अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुए। चौपाल में केवल ग्राम प्रधान अक्षयबर नाथ गुप्ता, पंचायत सचिव रमेश कुमार, वन विभाग के बन दरोगा सर्वजीत मिश्रा, पंचायत सहायक जीतेंद्र प्रसाद, सफाईकर्मी सहित करीब दो दर्जन लोग ही पहुंचे।
गांव के कुछ प्रधान समर्थक लोग औपचारिक रूप से उपस्थित होकर थोड़ी देर में बैठक समाप्त कर चले गए। अधिकांश विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा ही नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व निराशा देखने को मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि चौपाल की सूचना को लेकर कोई मुनादी या सार्वजनिक घोषणा नहीं कराई गई थी, जिसके चलते गांव के लोग बैठक से अनजान रहे और चौपाल का उद्देश्य ही अधूरा रह गया।



