रसड़ा में अवैध नर्सिंग होम दोबारा हुआ सील,दो संचालकों को दी गई नोटिस,मचा हड़कंप

रसड़ा (बलिया)।कस्बा में अवैध रूप से संचालित एक निजी हॉस्पिटल को सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ (नोडल अधिकारी) द्वारा गुरुवार को करीब छह महीने बाद फिर दोबारा सील कर दिया गया। इसके साथ ही नगर के दो अन्य निजी अस्पतालों को भी मानक के विपरीत संचालित किए जाने पर नोटिस दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से चल रहे अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा है।

स्थानीय कस्बा के बनिया बांध में स्थित सुधा काम्प्लेक्स में संचालित साक्क्षिता हॉस्पिटल व देव फार्मा क्लीनिक को सीएचसी रसड़ा के अधीक्षक डॉ. मनीष जायसवाल ने 16 जून को अपने निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक के पास कोई वैध कागजात नहीं रहने पर सील कर दिया था।इस बीच अस्पताल संचालक द्वारा हॉस्पिटल के पिछले हिस्से के दरवाजे को अवैध तरीके से खोलकर पुनः नर्सिंग होम के ओटी को संचालित करने की सूचना मिलने पर 16 अक्टूबर को उक्त नर्सिंग होम का अधीक्षक के स्थलीय निरीक्षण के दौरान पर ओटी संचालित किया जा रहा था। इसके बाबत संचालक से पूछने पर उसके द्वारा अधीक्षक के साथ दुर्व्यवहार करने की चेष्टा के साथ ही राजकीय कार्यों को बाधित करने का प्रयास भी किया गया।

इसकी रिपोर्ट उन्होंने सीएमओ को भेज दी।इसी क्रम में सीएमओ के निर्देश पर गुरुवार को एसीएमओ डॉ. पद्मावती गौतम व डॉ. योगेंद्र दास नोडल अधिकारी अवैध नर्सिंग होम ने पुलिस के साथ साक्क्षिता हॉस्पिटल को दोबारा सील किया। एसीएमओ द्वारा मानक के अनुसार ओटी व अन्य व्यवस्था और प्रशिक्षित स्टाफ नहीं होने पर कृषि मंडी के पास संचालित आयुष हॉस्पिटल व कोटवारी मोड़ के पास संचालित बिनायक चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में चाइल्ड डॉक्टर और मानक के अनुसार अन्य व्यवस्था नहीं होने पर दोनों के संचालकों को नोटिस दी गई है। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी उत्तरी राजकेशर सिंह, हेल्थ एजुकेटर अजय सिंह आदि रहे।



