निजी जमीन पर बना सामुदायिक शौचालय मालिक ने किया बंद, मुआवजा व नौकरी न मिलने पर जताया विरोध

लालगंज (बलिया)। विकासखंड मुरलीछपरा के ग्राम पंचायत सूर्यभानपुर के जई छपरा में निर्मित सामुदायिक शौचालय विवादों में घिर गया है। जमीन मालिक ने आरोप लगाया है कि ब्लॉक कर्मियों द्वारा उसके निजी भूखंड पर शौचालय का निर्माण करा दिया गया, लेकिन वादे के अनुसार न तो मुआवजा दिया गया और न ही नौकरी। इसी नाराजगी के चलते उसने शौचालय के दरवाजे पर ईंट जोड़कर उसे बंद कर दिया।
जमीन मालिक संजय मिश्रा, निवासी सूर्यभानपुर, ने बताया कि ब्लॉक कर्मियों ने 80,000 रुपये मुआवजा और ₹6,000 मानदेय पर नौकरी देने का आश्वासन देकर जमीन ली थी वर्षो बीत जाने के बाद भी न पैसा मिला और न ही नौकरी, जिसके कारण उन्होंने मजबूर होकर शौचालय बंद कर दिया। उनका कहना है कि अब वह अपनी जमीन का उपयोग अन्य कार्यों के लिए करना चाहते हैं।
खंड विकास अधिकारी मुरलीछपरा, शकील अख्तर अंसारी ने बताया कि सचिव के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। संबंधित व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी है। इस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, विकासखंड मुरलीछपरा के 25 ग्राम पंचायतों में से 24 में सार्वजनिक शौचालय निर्मित हैं। इनमें चार ग्राम पंचायतों में निजी जमीन पर शौचालय बनने का मामला सामने आया है, जिसकी न तो जमीन का दान पत्र बना है और न ही रजिस्ट्री की गई है।



