
लालगंज (बलिया) । क्षेत्र के मुरारपट्टी गाँव में ट्रांसफार्मर से गाँव की ओर जाने वाला मुख्य केबिल मौत का जाल बन चुका है। केबिल कई जगहों पर जर्जर होकर जमीन से मात्र छह फीट की ऊँचाई पर लटक रहा है। दर्जनों स्थानों पर खुले जोड़ से हर समय करंट फैलने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई अनजाने में हाथ ऊपर उठा दे या बच्चे खेलते-खेलते तार के पास पहुँच जाएँ, तो जानलेवा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी मौन हैं। ग्रामीणों ने बताया कि केबिल बदलवाने की मांग कई बार जे.ई. से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग शायद किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है।
ग्रामीणों की अपील: गाँव के लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से जर्जर केबिल को तुरंत बदलवाने की माँग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो किसी भी दुर्घटना की पूरी ज़िम्मेदारी विभाग की होगी।



