
रसड़ा(बलिया)।क्षेत्र के जाम गांव की रामलीला बुधवार की देर रात को प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ सम्पन्न हो गया। रामलीला मैदान में राज्यभिषेक लीला के मंचन के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के द्वारा प्रभु राम भैया भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न माता सीता सहित राम दरबार की पूजा आराधना कर मंगल की कामना की।

मेला मंचन के क्रम में लंका विजय के बाद अयोध्या आने से पूर्व प्रभु श्रीराम ने हनुमान जी से कहा कि आज हमारे वनवास का 14 वर्ष पूर्ण होने जा रहा है। यदि हमें पहुंचने में एक पल भी विलम्ब होगा तो भैया भरत प्राण त्याग देंगे। इसलिए वे हनुमान जी को वायु मार्ग से तत्काल भरत जी के पास भेजते हैं। जहां हनुमान जी के द्वारा प्रभु राम के आने की सूचना मिलते ही भरत जी भावुक हो जाते हैं। तदोपरांत भरत शत्रुघ्न प्रभु राम से मिलने अयोध्या सीमा पर गए । प्रभु राम के माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान के साथ अयोध्या आने पर समस्त देवी देवताओं, ऋषि मुनियों की उपस्थिति में प्रभु राम का राज्याभिषेक किया गया। राजगद्दी कार्यक्रम के संपन्न होते ही प्रभु राम,माता सीता के जयजय कारे लगाए जाने लगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सन फ्लॉवर पब्लिक स्कूल रसड़ा के चेयरमैन नारायण प्रसाद श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य नीरज सिंह, रामजी सिंह, काशीनाथ सिंह, शक्ति सिंह को रामलीला समिति द्वारा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।



