कार्यक्रमबलियारसड़ा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रसड़ा नगर केशव शाखा का भव्य पथ संचलन संपन्न

रसड़ा (बलिया)। संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रसड़ा नगर की केशव शाखा द्वारा रविवार को भव्य पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर के हृदयस्थल राजमहल मैरिज हॉल से प्रारंभ होकर संघ कार्यालय सेवा बस्ती होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से निकले इस संचलन ने रसड़ा नगर को राष्ट्रभक्ति और अनुशासन के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला बौद्धिक प्रमुख प्रेम प्रकाश जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन मात्र एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि यह समाज में अनुशासन, संगठन और राष्ट्रनिष्ठा का सजीव प्रतीक है। जब स्वयंसेवक गण वंदन मुद्रा में कदम से कदम मिलाकर चलते हैं, तब समाज में एकता और समरसता का सशक्त संदेश जाता है। संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक अपने जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रखता है और यही संघ का आधार है।

उन्होंने आगे कहा कि शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर है। हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और समरसता का भाव लेकर पहुँचना है।

संचलन के दौरान स्वयंसेवकों की गणवेशधारी कतारें, भगवा ध्वज की शोभा और कदमों की ताल से सारा नगर गुंजायमान हो उठा। नगरवासी मार्गों के किनारे खड़े होकर पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत कर रहे थे।

इस अवसर पर जिला संघ चालक डॉ. रामबाबू, नगर संघ चालक डॉ. सुरेश मिश्रा, नगर कार्यवाह संजय सिंह, डॉ. ओंकार सिंह, जेपी सिंह, अरुण तिवारी, सुनील दुबे, लालजी, विनोद सिंह, अनुज सिंह, अमरेन्द्र सिंह, रमेश चन्द्र गुप्ता, संतोष ओझा, शिवम पाण्डेय, शशिकांत सिंह, नीरज ओझा, संजय दुबे, रवि शंकर मिश्रा, राकेश पाण्डेय सहित सैकड़ों स्वयंसेवक गण गणवेश में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर कार्यवाह संजय सिंह एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम का समापन प्रार्थना गीत एवं भारत माता की जय के जयघोष के साथ हुआ। इस प्रेरणादायक संचलन की जानकारी नगर प्रचार प्रमुख नीरज ओझा ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button