
रसड़ा (बलिया)।छोटी काशी के नाम प्रसिद्ध रसड़ा के ऐतिहासिक रामलीला कार्यक्रम में 11वें दिन बुधवार की शाम को स्थानीय रामलीला मैदान में कलाकारों ने लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ वध और सुलोचना सती जैसे रोचक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। दोपहर में अचानक मौसम के बदलते ही घंटों हुई तेज बारिश के बाद भी रामलीला मैदान में लीला देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।लीला मंचन के दौरान जब लक्ष्मण शक्ति का दृश्य सामने आया तो दर्शक भाव-विभोर हो उठे। वहीं मेघनाथ वध के प्रसंग में कलाकारों के संवाद और युद्ध दृश्य ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुलोचना सती प्रसंग की भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। मंचन के दौरान दर्शकों ने जयश्रीराम के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
उधर, मंगलवार की देर शाम को रामलीला मैदान में पहली बार डांडिया कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति लड़कियां और महिलाओं ने की।

इस दौरान रामलीला कमेटी के संरक्षक महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि, वशिष्ठ नारायण सोनी, अध्यक्ष संतोष जायसवाल, महामंत्री निर्मल पांडेय, अविनाश सोनी, मनोज पांडे आदि रहे। मेला में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी उत्तरी राजकेशर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे।



