
बेटी के छठीहार पर 350 जरूरतमंदों में बांटे गए कंबल
बैरिया (बलिया)। “बेटियां बोझ नहीं बल्कि घर की लक्ष्मी होती हैं।” इसी सोच को साकार करते हुए बैरिया क्षेत्र के गोपालपुर दुबेछपरा निवासी त्रिवेणी तिवारी ने अपनी नातिन के छठीहार के अवसर पर एक प्रेरणादायी पहल की। भीषण ठंड को देखते हुए उन्होंने लगभग साढ़े तीन सौ गरीब व मजलूम लोगों को कंबल वितरित कर बेटी का छठीहार सेवा भाव के साथ मनाया।

इस अवसर पर त्रिवेणी तिवारी ने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में जब लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, ऐसे समय में सरकारी सहायता अक्सर औपचारिकताओं में उलझ जाती है। यदि समाज के सामर्थ्यवान लोग आगे आकर इस तरह के नेक कार्य करें, तो गांव और क्षेत्र में किसी को भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
उन्होंने बताया कि उनके नाती ओजस तिवारी की बेटी के छठीहार का कार्यक्रम था और उसे यादगार बनाने के उद्देश्य से उन्होंने यह सामाजिक कार्य करने का निर्णय लिया। इस कार्य से न केवल जरूरतमंदों को राहत मिली, बल्कि समाज को बेटियों के सम्मान और सेवा का भी संदेश गया।
कार्यक्रम के दौरान दिनानाथ तिवारी, संजय तिवारी, मंटू तिवारी, शशि मिश्रा सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे और इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की।



