
लालगंज(बलिया) । क्षेत्र के बैरिया – संसार टोला बंधे पर केशव राय के डेरा स्थित हनुमान मंदिर के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दोकटी थाना क्षेत्र के दलकी न0-1 ग्राम पंचायत का पूर्वां सारंगपुर सुरेमनपुर(लच्छूटो ला) निवासी 13 वर्षीय मिथिलेश पासवान पुत्र विनोद पासवान साइकिल से किसी काम से बंधे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बालक गिरकर ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना दोकटी पुलिस एवं परिजनों को दी। परिजन घायल बालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल ने बताया कि संदिग्ध परिस्थिति में एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया है, जिसकी जांच की जा रही है। दोषी चालक की तलाश जारी है।



