
भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा वातावरण
लालगंज (बलिया) । स्थानीय बाजार स्थित शक्ति धाम दुर्गा मंदिर में सप्तमी के दिन प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने माता के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर और आसपास का इलाका जय माता दी के उद्घोष से गूंजता रहा।

पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा का पट सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खोला गया। दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं ने चुनरी, नारियल और पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि व मंगलकामना की।

मंदिर परिसर और बाजार में प्रसाद, नारियल व चुनरी की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। महिलाएं माथे पर चुनरी धारण किए और पुरुष हाथों में नारियल लिए मां के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए।
विराट सपोर्टिंग क्लब मुरारपट्टी, गंगोत्री धाम भूसौला, सोनारपट्टी मीना बाजार लालगंज एवं सब्जी मंडी लालगंज मे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय समिति के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने सुरक्षा व व्यवस्था की कमान संभाली। शाम ढलते ही भक्ति गीतों, देवी जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक मां की आरती और भजनों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक और भावविभोर बना रहा ।



