
लालगंज (बलिया)। रेल मंत्रालय के आईआरटीएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह के मार्गदर्शन में बाबा लक्ष्मण दास द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, बैरिया में एक विशाल रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में माथोरसन सिस्टम लिमिटेड ने प्रतिभाग किया।
रोजगार मेले में कुल 944 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 454 अभ्यर्थियों का सफलतापूर्वक चयन किया गया, जबकि 400 अभ्यर्थियों को होल्ड पर रखा गया है, जिनका आगे मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं, 90 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में असफल घोषित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों में खासा उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर श्री निर्भय नारायण सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ऐसे आयोजनों को रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजकों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



