
लालगंज (बलिया)। बाबा लक्ष्मण दास द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बैरिया में दो दिवसीय विशाल रोजगार महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को बड़े उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधिकारी निर्भय नारायण सिंह रहे।




मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यातिथि निर्भय नरायण सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि “हर हाथ को काम और हर नौजवान को सम्मान” केवल नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनें।
इस रोजगार महोत्सव में देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनियों ने भाग लिया, जिससे बैरिया विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह आयोजन 28 एवं 29 मार्च को दो दिनों तक चलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन दिना फाउंडेशन द्वारा किया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके भविष्य को संवारना है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बैरिया की तस्वीर बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं से अपील की गई कि वे आगे आएं, अपने कौशल का प्रदर्शन करें और इस अवसर को अपने जीवन की नई शुरुआत बनाएं।



