कार्यक्रमबलियाशिक्षासम्मान

नन्हे वैज्ञानिकों ने आधुनिक मॉडलों से जीता सबका दिल

दुबहड़(बलिया)। क्षेत्र के अड़रा,जनाड़ी स्थित एस.जी.पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार को ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ के उपलक्ष्य में एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।’मेरा युवा भारत केंद्र बलिया’ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे मंच किताबी ज्ञान को व्यावहारिक धरातल पर उतारने का अवसर देते हैं।

इससे बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होती है। चुनौतियों से न घबराने वाले और निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है। इस दौरान छात्रों ने एक से बढ़कर एक आधुनिक मॉडल प्रस्तुत कर अतिथियों को आश्चर्यचकित कर दिया। प्रदर्शनी में मुख्य रूप से कार्बन प्यूरीफिकेशन फैक्ट्री, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और आधुनिक सिंचाई तकनीक, भूकंपरोधी अलार्म, वाटर टंकी ओवरफ्लो अलार्म और रोड सेफ्टी मॉडल, हृदय की संरचना, पेंगुइन हाउस, तथा शहर और गांव के तुलनात्मक मॉडल प्रस्तुत कर सबको सोचने पर मजबूर कर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक अन्नपूर्णानंद तिवारी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान की आधुनिकता ही देश के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पूर्व मंत्री द्वारा नगद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं
सामाजिक चिंतक बब्बन विद्यार्थी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि निरंतरता ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम का सफल संचालन बब्बन चौबे ने किया। इस गौरवमयी अवसर पर ग्राम प्रधान अमित दुबे, रामकृष्ण तिवारी, शुभम उपाध्याय, धर्मराज सिंह, परमानंद चौबे, रवीश सिंह, सोमनाथ सिंह, प्रहलाद चौबे, दीपक सिंह, चंदन सिंह, दयाशंकर शर्मा ,रणधीर सिंह, दीक्षा चौबे, सलोनी गुप्ता, रितु पांडेय, एकता यादव, अनीशा यादव, शबनम आरा आदि लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button