
रसड़ा (बलिया)।भगवान भाष्कर के आराधना और लोक आस्था का महापर्व डाला छठ (छठ पूजा) का पर्व नगर समेत ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनाया गया। सोमवार को दोपहर बाद से छठव्रती महिलाएं छठ गीत गाती हुई स्थानीय श्रीनाथ बाबा मठ स्थित सरोवर, गांधी पार्क व रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित सरोवरों के साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी सरोवरों, तालाबों व नदी के तट पर पहुंचने लगी, जहां व्रती महिलाओं के द्वारा भगवान भाष्कर के विधिवत पूजन-अर्चन के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देकर मंगल की कामना की गई।

श्रीनाथ बाबा सरोवर के चारों तरफ व्रती महिलाओं की उमड़ी भीड़ और सरोवर के चारों ओर की गयी आकर्षक सजावट लोगों को बरबस ही अपने तरफ आकर्षित कर रहा था। इस दौरान व्रती महिलाओं ने छठ घाट पर बेदी बना उस पर कलश स्थापित कर प्रसाद के रूप में मांठ, ईख, नारियल व तमाम प्रकार के फलों के साथ दीपक, अगरबत्ती जलाकर आराधना किया तथा जल में दीपक, कोसिया प्रवाहित करने के बाद अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को पहला अर्घ्य देकर लोक मंगल की कामना की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह पुलिस फोर्स के साथ छठ घाटों पर मुस्तैद दिखे।



