
राजस्थान पुलिस ने छः आरोपियों को किया गिरफ्तार
बलिया । संवाददाता रेवती थाना क्षेत्र के अघैला गांव निवासी भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह और उनकी शहर में स्थित बाइक एजेंसी कार्यरत बेदुआ निवासी मैकेनिक विकास कुमार की हत्या के मामले का राजस्थान पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। राजस्थान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने OLX एप पर जेनरेटर सस्ते दाम में बेचने का झांसा दिया, फिर दोनों को जयपुर बुलाकर अपहरण किया और पहाड़ियों में ले जाकर हत्या कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अजीत कुमार यादव उर्फ दाना, इंद्रजीत यादव उर्फ कोतवाल, राकेश यादव उर्फ टकली, नरवीर यादव उर्फ कालिया, मंजीत यादव उर्फ बोहरा और नितिन यादव उर्फ खोटा शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयोग बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली है। कोटपुतली-बहरोड़ जनपद के एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि 19 सितंबर को अशोक सिंह और विकास कुमार जेनरेटर खरीदने के लिए बलिया से जयपुर पहुंचे। 20 सितंबर को आरोपियों ने उन्हें नारनौल (हरियाणा) बुलाया। वहां से बोलेरो में बैठाकर पहाड़ियों की तरफ ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहाड़ियों में ले जाकर दोनों को टॉर्चर किया और मोबाइल-ATM अपने कब्जे में ले लिए। पासवर्ड उगलवाने के लिए मारपीट की गई। आरोपी अशोक सिंह के खातों से करीब 7 लाख रुपए की निकासी भी कर लिया। 21 सितंबर की तड़के 2:30 से 3 बजे के बीच दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शवों को 50 किलोमीटर दूर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र ले जाकर अलग-अलग गांवों के कुओं में फेंक दिया गया।
शाहजहांपुर पुलिस को बदबू की सूचना मिली तो क्रेन मंगवाकर शव बाहर निकाले गए। सांसेड़ी गांव से अशोक सिंह का शव और जौनायचाखुर्द गांव से विकास कुमार का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। बलिया में अशोक सिंह के पैतृक गांव में मातम पसरा है।गिरफ्तार अजीत यादव उर्फ दाना और इंद्रजीत यादव उर्फ कोतवाल पर 9-9 मुकदमे दर्ज हैं। राकेश यादव उर्फ टकली पर 4 केस, जबकि मंजीत यादव उर्फ बोहरा पर नारनौल में आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश कर रही है।



