बलिया

हस्त नक्षत्र के द्वितीय चरण में दस घंटे की मूसलधार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त

लालगंज (बलिया)। हस्त नक्षत्र के द्वितीय चरण में शुक्रवार की रात से शुरू हुई लगभग दस घंटे की अनवरत बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार हो रही वर्षा से हृदयपुर और मुरारपट्टी गाँव के मुख्य रास्ते पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। वहीं लालगंज–भूसौला मुख्य मार्ग पर घुटने भर पानी भर जाने से दर्जनों गाँवों के लोगों का घरों से बाजार व अन्य स्थानों पर जाना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, हृदयपुर ग्राम सभा की बस्ती के बीच स्थित ग्रामसभा का गढ़ा पूरी तरह जलनिकासी बाधित होने के कारण तालाब का रूप ले चुका है। सैकड़ों घरों की नालियों का पानी इसी गढ़े में गिरता है, लेकिन अतिक्रमण और गंदगी के कारण निकासी अवरुद्ध हो गई है। थोड़ी सी भी अधिक वर्षा होते ही पानी ओवरफ्लो होकर घरों और रास्तों में भर जाता है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और बच्चों के विद्यालय जाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
गाँव के बुजुर्गों का कहना है कि लगभग तीन दशक बाद पहली बार हस्त नक्षत्र के द्वितीय चरण में इतनी लंबी और तेज बारिश देखी गई है। शुक्रवार की रात 11 बजे से लेकर शनिवार सुबह 8:30 बजे तक लगातार गरज-चमक के साथ तेज वर्षा होती रही, जिससे ताल-तलैया और खेत-खलिहान पूरी तरह जलमग्न हो गए।
मूर्ति विसर्जन के लिए शुक्रवार की सुबह से कटी बिजली शनिवार दोपहर तक बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से गढ़े की तत्काल सफाई एवं जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button