
बलिया, 27 जुलाई – उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक परीक्षा) को नकलविहीन, पारदर्शी व शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, तथा सतीश चंद्र कॉलेज बलिया का भ्रमण किया। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से परीक्षा की तैयारियों एवं व्यवस्था की जानकारी ली तथा उन्हें लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की जा रही थी। उन्होंने निगरानी प्रणाली की क्रियाशीलता, सुरक्षा व्यवस्था, एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता व पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि परीक्षा के सफल आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही या चूक न हो।



