
बांसडीह(बलिया)। क्षेत्र के मैरीटार गांव में रविवार को बांसडीह विधानसभा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ के लिए संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि विधायक केतकी सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव देशहित में जरूरी है। हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश हैं। हर पांच वर्ष बाद लोकसभा और विधानसभा का अलग अलग चुनाव होता हैं। अब हर वर्ष कोई न कोई चुनाव होता रहता है। आचार संहिता लगने से विकास कार्य बाधित हो जाते हैं तथा रूपया भी ज्यादा खर्च होता है। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने संकल्प पत्र में एक राष्ट्र एक चुनाव का संकल्प लिया था। विधायक ने जम्मू कश्मीर में पर्यटकों की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए धर्म जाति से उपर उठकर भारत की एकता अखंडता के लिए एकजुट रहने की अपील किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा एक राष्ट्र एक चुनाव के जिला संयोजक जयप्रकाश साहू ने कहा कि सरकार आमलोगों के साथ ही महिलाओं को देशहित में विभिन्न योजनाओं का लाभ दे रही है। एक चुनाव देशहित में जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आमलोगों को एक राष्ट्र एक चुनाव के बारे में बताने को कहा। संगोष्ठी में पहलगाम में 26 पर्यटकों की आतंकवादियों द्वारा की गयी हत्या की कड़ी निंदा करते हुए घटना में मृत लोगों को दो मिनट का मौन रहकर श्रद्धांजलि दी गयी। इस मौके पर अजय सिंह, राणा प्रताप यादव, अभिजीत तिवारी बब्लू, राकेश वर्मा, नितेश सिह, शेतांशु गुप्ता, शारदा नन्द साहनी,रेखा सिंह, ममता सिंह, सपना चौधरी, प्रमोद सिंह, प्रतुल ओझा आदि थे ।