राघोपुर चट्टी के पास शराब की दुकान के नजदीक अधेड़ की गोली मारकर हत्या,इलाके में मचा हड़कंप

रसड़ा(बलिया)। क्षेत्र के राघोपुर चट्टी से कुछ दूरी पर स्थित शराब की दुकान के पास गुरुवार की देर रात एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान कासिमाबाद (गाजीपुर) थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी संतोष सिंह के रूप में हुई है। वह राघोपुर चट्टी के पास शराब की दुकान के नजदीक चखना की दुकान लगाकर जीविकोपार्जन करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने संतोष सिंह को गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



