
लालगंज (बलिया)। बैरिया विद्युत सब स्टेशन के दोकटी फीडर की स्थिति इतनी बदहाल हो चुकी है कि उपभोक्ता अब आक्रोश से भर उठे हैं। शाम की सप्लाई शुरू होते ही मात्र एक घंटे में 20 से 30 बार ट्रिपिंग होना क्षेत्र की नियति बन गई है। तीन से पाँच मिनट पर बिजली का गुल होना और यह खेल शाम 6 से रात 10 बजे तक जारी रहना उपभोक्ताओं की सहनशीलता की सीमा पार कर चुका है।
करीब दो दर्जन गाँव—मिश्र के मठिया, सोनवरसा, भगवानपुर, सावनछपरा, लक्ष्मीपुर, भोजापुर, जयछपरा, श्रीपालपुर, सूर्यभानपुर, चौबे की दलकी, गोपालपुर, लालगंज, मुरारपट्टी, हृदयपुर बहुआरा, शिवपुर कपूर दीयर, लच्छूटोला, जगदीशपुर, नरदरा, भूसौला, गड़ेरीया आदि रोज इसी त्रासदी का शिकार हैं।
बिधुत सप्लाई की रोस्टिंग दिन -रात मे कब से कब चलती यह यह उपभोक्ताओ के समझ से परे है ।
लाइन मरम्मत के नाम पर घंटों कटौती, तो कभी 33 हजार वोल्ट और 11 हजार वोल्ट लाइन जलने-टूटने की घटनाएँ अब आम हो चुकी हैं। यही नहीं गाँवों में खिची गई केबिल बार-बार जल रही है और ओवरलोड की समस्या ने हालात और विकराल बना दिए हैं। उपभोक्ताओं को दस घंटे भी लगातार बिजली मिलना दूभर हो गया है।
लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी, विधायक और सांसद सब मूकदर्शक बने बैठे हैं। जनता बिल भर रही है लेकिन शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है। सवाल यह है कि जब सरकार “24 घंटे बिजली” का दावा करती है तो क्या दोकटी फीडर जैसे क्षेत्र उस दावे से बाहर हैं? आखिर जनता को इस अंधेरे और अव्यवस्था से राहत कौन दिलाएगा?



