
बलिया । यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की हनुमानगंज स्थित नयी शाखा का शुभारंभ आज वाराणसी अंचल के अंचल प्रमुख श्री धीरेन्द्र जैन एवं जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर अंचल प्रमुख श्री जैन का स्वागत यूनियन बैंक के क्षेत्र प्रमुख श्री शिव कुमार शुक्ला, उपक्षेत्र प्रमुख श्री जय कुमार सिंह तथा बलिया जिले के सभी शाखा प्रबंधकों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के उपरांत होटल महादेव पैलेस में एक मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें 90 ग्राहकों को कुल 18.21 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
अपने पहले बलिया दौरे पर अंचल प्रमुख श्री जैन ने ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त किया और अधिक से अधिक लोगों से यूनियन बैंक से जुड़ने की अपील की। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने बैंकिंग क्षेत्र को जनकल्याण से जोड़ते हुए कहा कि यूनियन बैंक जनसामान्य के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने नव-शाखा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बलिया मुख्य शाखा के प्रबंधक श्री प्रशांत कुमार, हनुमानगंज शाखा के प्रबंधक अमित कुमार पांडेय, क्षेत्रीय कार्यालय से प्रमोद कुमार, अमित कुमार सिंह, राहुल वात्सल्यन समेत अन्य शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे ।



