प्रसूता की मौत,परिजनों का हंगामा; डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

बलिया। संवाददाता शहर के हनुमानगंज क्षेत्र के जीराबस्ती स्थित आकाश नर्सिंग होम में गुरूवार को आपरेशन के दौरान एक 25 वर्षीय महिला की मौत से नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुलतानपुर गांव निवासी दीनबंधु राजभर की पत्नी कुसुम राजभर को प्रसव के लिए बुधवार को जीराबस्ती स्थित निजी नर्सिंग होम में आशा बहू शकुंतला ने भर्ती कराया । रात करीब नौ बजे कुसुम का आपरेशन हुआ, लेकिन आपरेशन के तुरंत बाद हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर करने की बात कही, लेकिन उससे पहले ही कुसुम की मौत हो गई। कुसुम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



