एक्सीडेंटबलियाबिग ब्रेकिंग

निर्माणाधीन पुल का ढांचा गिरा,दो मजदूरों की मौत,एक गंभीर


बलिया। संवाददाता उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड स्थित तुतींपार पुल के पास मधुबनी गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल के पिलर पर काम करते समय लोहे का ढांचा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर पिलर निर्माण के लिए सरिया बांध रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से पूरा लोहे का ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ठेकेदारों ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद पप्पू (30) और अमित (30) को मृत घोषित कर दिया। दोनों मजदूर लखीमपुर खीरी जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के खैरापुरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल जुगल (27) का इलाज जारी है, जो पीलीभीत जिले के मदप टांडा थाना क्षेत्र के दुबिया गांव का निवासी है। एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button