
बांसडीह (बलिया)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदेश प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार धर्म के नाम पर आंडबर करके आम लोगों को धोखा दे रही हैं। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से आम जनता खुश नही है। वह मंगलवार को हालपुर गांव में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह के आवास पर पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। राजेश तिवारी ने कहा कि उप्र के सभी जनपदों में प्रतिदिन लूट, हत्या, डकैती आदि घटनाएं हो रही है, कानून व्यवस्था लचर है व अपराध पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा है, स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है, शिक्षा का स्तर गिर गया हैं। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण के साथ ही महाकुंभ में भी जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं में व्यापक भ्रष्टाचार हो रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा के कारण ही लोकसभा चुनाव में गठबंधन की सभी पार्टियों को चुनाव में बड़ी सफलता मिला था। आगामी विधानसभा चुनाव में आम जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। कांग्रेस पार्टी अपने सभी जिला कमेटी को पावरफुल बना रही हैं। प्रदेश के सभी 403 विधानसभा में अभी से ही 2027 विस चुनाव की तैयारी को लेकर प्रत्याशी तैयार किया जा रहा है तथा गठबंधन भी हुआ तो कांग्रेस पार्टी सभी जनपदों में आधी सीटों के साथ चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने दो माह पूर्व राघवेन्द्र प्रताप सिंह के पिताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक, गाजीपुर जिलाध्यक्ष सुनील राम, पूर्व जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, प्रभात सिंह, बृजेश सिंह गाट, ओमप्रकाश तिवारी, सिद्धनाथ तिवारी, पारस वर्मा, रूपेश चौबे, सुनील सिंह, संतोष गोयल आदि थे।