
बांसडीह (बलिया)।बांसडीह-बलिया मुख्य मार्ग पर शिवरामपुर गांव के पास स्थित महाविद्यालय के सामने मंगलवार सायं तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बघौली निवासी राजेश चौहान शिवरामपुर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। शाम लगभग सात बजे बांसडीह से बलिया की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल राजेश को सीएचसी बांसडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि घायल बाइक सवार अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर वाहन स्वामी की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



