
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कस्बा निवासी 26 वर्षीय युवा व्यवसायी की सोमवार देर सायं सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा देवरिया जनपद की बिहार सीमा के पास हुआ। युवक अपनी मौसी के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोपालगंज गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार व कस्बे में कोहराम मच गया।
कस्बे के वार्ड नंबर 13 (बाणी गढ़) मुहल्ला निवासी माणिकचंद गुप्ता के सबसे छोटे पुत्र दीपक गुप्ता उर्फ सोनू विवाह समारोह में शामिल होने गोपालगंज गए थे। सोमवार को वह किसी कार्य से बाइक से खरीदारी करने के लिए देवरिया जनपद की सीमा पर विजयीपुर क्षेत्र के पास गए थे। बताया जाता है कि बघाड़ा–बिजईपुर मार्ग पर पहुंचने पर सड़क पर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी बाइक ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मां शांति देवी, पिता माणिकचंद गुप्ता तथा दो अन्य भाई बदहवास हैं।
मंगलवार को देवरिया मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अंतिम संस्कार बलिया स्थित महावीर घाट पर किया जाएगा। दीपक के निधन पर चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर, अभिजीत तिवारी सत्यम, सभासद अनमोल गुप्ता समेत कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।



