
लालगंज(बलिया) । दोकटी थाना क्षेत्र के सेमरिया निवासी 65 वर्षीय कृपाशंकर पुत्र धनेसर की बृहस्पतिवार की सांय लालगंज–शिवपुर मार्ग पर मुरारपट्टी मठिया के समीप सड़क किनारे बने बारिश के पानी से भरे गड्ढे में फिसलकर गिरकर डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कृपाशंकर दोपहर में किसी कार्यवश लालगंज बाजार आये थे। वापस लौटते समय वे शौच के लिए सड़क किनारे बैठे थे, इसी दौरान बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में फिसलकर गिर पड़े।
उन्हें डूबता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे कुछ युवकों ने बिना देर किए गड्ढे में कूदकर उन्हें बाहर निकाला, परंतु तब तक उनकी अंतिम सांसें चल रही थीं। काफी प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक को नशे की लत भी थी, जो दुर्घटना का एक कारण हो सकता है।
मृतक सेमरिया चट्टी पर चाय की दुकान चलाते थे। परिवार में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। उनका एकमात्र पुत्र उमेश बिहार में चिमनी पर मजदूरी करता है, जिसे सूचना देकर तत्काल बुलाया गया है।



